नई द‍िल्ली: द‍िल्ली कांग्रेस की अध्‍यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार रविवार को दोपहर 2:30 निगम बोध घाट पर होगा। उनके पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस से निजामुद्दीन स्थित उनके आवास पर ले जाया गया। यहां उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा है। इस दौरान पीएम मोदी, सोनिया गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत तमाम नेता उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उनके बेटे संदीप दीक्षित ने कहा कि उन्हें उनकी मां की हमेशा याद आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें दिल्ली के विकास के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।  

पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रविवार सुबह 11 बजे तक उनके आवास पर रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे उनका पार्थिव शरीर कांग्रेस दफ्तर ले जाया जाएगा। यहां कांग्रेस नेता सहित अन्य लोग उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। दिल्ली सरकार ने उनके निधन पर दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। साथ ही राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार करने का फैसला किया है। 

-पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा 'राजनीति में प्रवेश करने से पहले से ही मैं उन्हें (शीला दीक्षित) जानता था, यह राष्ट्र के लिए एक बड़ी क्षति है, हमने एक योग्य प्रशासक और एक अच्छा नेता खो दिया है।

- पूर्व भाजपा नेता यशवंत सिंह ने शीला दीक्षित को उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। 

-पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा 'यह देश और कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। दिल्ली ने एक उत्कृष्ट नेता और प्रशासक खो दिया है, जिसने पूरे राज्य को बदल दिया है। देश और दिल्ली के परिवर्तन की दिशा में उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखेगा।

-अभिनेत्री शर्मिला टैगोर ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निज़ामुद्दीन स्थित उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। 

- पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि दी।

-पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि दी।

-रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा 'शीला जी को हमारे राष्ट्र के सबसे अनुभवी राजनेताओं में गिना जाता है। उनका राजनीतिक जीवन बेदाग था, मैं उन्हें  श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

-रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शीला दीक्षित को उनके आवास पर श्रद्धांजलि दी। 

-दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा 'शीला दीक्षित जी को लोग बहुत याद करेंगे, उन्होंने दिल्ली के लिए बहुत काम किया था। भले ही हम अलग-अलग पार्टियों से थे, जब भी मैं उनसे मिला, उन्होंने बहुत प्यार दिखाया। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति और उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

-उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि शीला दीक्षित का रविवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

-दिग्गज भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा, 'शीला दीक्षित के निधन की खबर सुनकर काफी दुख हुआ। गृह मंत्री के रूप में मेरे कार्यकाल के दौरान, शीला दिल्ली की मुख्यमंत्री थीं। हमने बहुत गर्मजोशी और सौहार्दपूर्ण तरीके से काम किए। एक सक्षम प्रशासक के तौर पर उनका दिल्ली के विकास में बहुत बड़ा योगदान था। उन्हें एक बेहतरीन इंसान के रूप में याद रखा जाएगा। उनके परिवार के सभी सदस्यों के प्रति मेरी संवेदना। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।'

-दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित ने कहा 'मेरी मां का निधन हो गया, यह स्वाभाविक है कि मैं उन्हें याद करूंगा। मां को खोने का दर्द मिटाया नहीं जा सकता। जब भी लोग एक विकसित और बढ़ती दिल्ली की बात करेंगे, शीला जी का नाम याद किया जाएगा।

-दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शीला दीक्षित को उनके आवास पर पहुंच कर श्रद्धांजलि दी। 

-भाजपा सांसद और दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को उनके आवास पर पहुंच कर श्रद्धांजलि अर्पित की

- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा 'शीला दीक्षित जी मां जैसी थीं, सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में दिल्ली और देश के विकास के लिए उन्होंने काफी अहम योगदान दिया। उनके निधन पर पूरा देश दुखी है।

- पीएम मोदी ने शीला दीक्षित के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि। बता दें उन्होंने इससे पहले ट्वीट कर कहा था कि शीला दीक्षित के मौत से काफी दुखी हूं। उन्होंने दिल्ली के विकास में बड़ा योगदान दिया था। 
Share To:

Post A Comment: