लखनऊ (K5 News)। भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ अभियान बनाने में लगे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष से आज लखनऊ में जनता दल यूनाईटेड के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव भेंट करेंगे। उत्तर प्रदेश में लंबे समय बाद बहुजन समाज पार्टी के सहयोग से लोकसभा उप चुनाव में दो सीट जीतने वाली समाजवादी पार्टी अब महागठबंधन बनाने की ओर बढ़ रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा राज्यसभा सदस्य रहे शरद यादव आज लखनऊ आ रहे हैं। इस दौरान उनकी चार बजे के बाद अखिलेश यादव से भेंट तय हो गई है। शरद यादव आज लखनऊ में अखिलेश यादव से उनके आवास विक्रमादित्य मार्ग पर जाकर भेंट करेंगे। माना जा रहा है कि शरद यादव भी अखिलेश यादव के साथ भाजपा के खिलाफ देश में मोर्चा बनाने में मदद दे सकते हैं।शरद पवार आज लखनऊ में पिछड़ा, अल्पसंख्यक, दलित आदिवासी मंच के कार्यक्रम में शिरकत करने आ रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री तथा जनता दल यूनाईटेड के अध्यक्ष नितीश कुमार से संबंध खराब होने के बाद से शरद यादव भी कोई मजबूत मंच तलाश रहे हैं।
महागठबंधन बनाने को लालू से जल्द मिलेंगे अखिलेश के दूत
गोरखपुर और फूलपुर उप-चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ हाथ मिलाने के बाद अब समाजवादी पार्टी (सपा) ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से हाथ मिलाने का निर्णय लिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के उपाध्यक्ष किरणमय नंदा को लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव से रांची में मिलने के लिए कहा है। माना जा रहा है कि इस भेंट से 2019 में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर महागठबंधन बनाए जाने की तैयारी की जा रही है। लालू के साथ नंदा भी भेंट 24 मार्च रिम्स अस्पताल या फिर बिरसा मुंडा जेल में हो सकती है। तीन तीन दिन से सीने में दर्द होने की वजह से लालू रिम्स में भर्ती हैं। सपा नेता नंदा ने कहा कि हमने जेल प्रशासन से पहले ही आज्ञा ले ली है। लालूजी से बैठक के बाद मैं तेजस्वी से मिलूंगा। यह एक शिष्टाचार मुलाकात होगी। लोकसभा चुनाव में एक वर्ष का ही समय बचा है और देश भर की पार्टियां धीरे-धीरे भाजपा के खिलाफ एकजुट हो रही हैं। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में बसपा के साथ गठजोड़ करने के बाद अब अखिलेश यादव आरजेडी को भी जोडऩा चाह रहे हैं। नंदा तथा लालू के बीच होने वाली मुलाकात को मोदी सरकार के खिलाफ क्षेत्रीय पार्टियों के गठबंधन की शरूआत के रूप में देखा जा रहा है। नंदा ने कहा कि आरजेडी हमेशा से समाजवादी पार्टी के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि लालू बिना किसी राजनैतिक लाभ के एसपी के साथ हमेशा से खड़े रहे हैं।
Post A Comment: