नोएडा। बीते शनिवार की शाम को सेक्टर 62 स्थित होटल पार्क एसेंट में इटप (इंस्टीट्यूट ऑफ टूलरूम ट्रेनिंग उत्तरप्रदेश) के पूर्व छात्रों ने पाँचवीं एलुमनी मीट का शानदार आयोजन किया। इस मीट में देश के विभिन्न शहरों में रहने वाले इटप के पूर्व छात्र एकत्रित हुए। विदेश में, तंजानिया में रहने वाले टी एस सैनी इस मीट में शामिल होने के लिए विशेष रूप से आए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पी एस श्रीवास्तव "इंस्ट्रक्टर" रहे। मंच संचालन अजय कपूर ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। तत्पश्चात परिचय सत्र में सभी पूर्व छात्रों ने अपना परिचय दिया। वरिष्ठ पूर्व छात्रों ने इटप से पासआउट होने के बाद इंडस्ट्री के अपने अनुभवों के बारे में बताया। गणेश शुक्ला, वाई एस चौहान, एम के सिंह, अनीस खान, प्रभाष त्रिपाठी, रोहित सचदेवा और दीपक यादव ने अपने अपने अनुभवों को सभी के साथ साझा किया। प्रशांत चौहान ने बताया कि इटप की ये एक बड़ी शक्ति है जो आगे इंडस्ट्री में आने वाले छात्रों का सहयोग और मार्गदर्शन करती रहेगी। प्रभाष त्रिपाठी ने बताया कि आने वाले समय में इस मीट को और भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
अलग अलग शहरों से आए हुए सभी पूर्व छात्र बड़े उत्साह के साथ एक दूसरे से मिले और अपने अपने कार्यों की जानकारी साझा की।

इसके बाद गीत संगीत का दौर चला तो टी एस सैनी ने अपनी सुरीली आवाज़ से समा बांध दिया। सभी की फरमाइश पर सैनी ने ग़ज़ल और फिल्मी गीत प्रस्तुत किये। इसके बाद अजय अग्रवाल ने किशोर कुमार के गाने सुना कर महफ़िल को उसके शबाब पर पहुँचा दिया। अग्रवाल के गाए गीत "ये शाम मस्तानी" पर लोग झूम उठे।
अत्यधिक उत्साह होने पर लोग डांस फ्लोर पर टूट पड़े और सभी ने जम कर डांस किया।

सुरोजीत घोष ने कार्यक्रम में कॉकटेल डिनर की शानदार व्यवस्था की थी। सभी ने गपशप और मौजमस्ती के बीच स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया। राजेश पाल शर्मा ने मीट में शामिल होने वाले सभी लोगों के लिए गिफ्ट के रूप में खूबसूरत टी शर्ट की व्यवस्था की थी। अंत में अपने अपने दिलों में खूबसूरत यादों को संजोए हुए और अगली मीट में फिर मिलने के वादे के साथ लोग विदा हुए।

Share To:

Post A Comment: